फतेहपुर। जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत तथ्य छिपाकर नगर पालिका में नौकरी कर रहे लिपिक के खिलाफ डीएम को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है। चंदियांना वार्ड के पूर्व सभासद गोपाल रस्तोगी ने डीएम को पत्र सौंपा।
पूर्व सभासद ने बताया कि नगर पालिका परिषद में सैफुल इस्लाम की नियुक्ति मृतक आश्रित के आधार पर अवैध तरीके से हुई है। इसका खुलासा विशेष सचिव स्तर पर हुई शिकायत की जांच में हुआ। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि सैफुल इस्लाम की मां सरकारी विभाग में सेवारत हैं।
आरोप है कि इस तथ्य को हलफनामे में छिपाकर सैफुल इस्लाम ने नौकरी हासिल की। विशेष सचिव की ओर से नौ जून 2023 को कार्रवाई के आदेश भी जारी किए गए थे लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। डीएम से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।