अल्लीपुर। डीसीएम ने सोमवार भोर चार बजे केमिकल लदे टैंकर में पीछे से टक्कर मार दी। आग लगने से डीसीएम के केबिन में फंसा चालक गंभीर रूप से झुलस गया। कानपुर लेकर जाते समय उसकी सांसें थम गईं। हाईवे पर अफरा-तफरी फैल गई। करीब दो घंटे बाद एक लेन बहाल कराई जा सकी। हादसा प्रभावित हाईवे की लेन दोपहर तक बंद रही। इस दौरान सर्विस लेन से वाहनों को निकाला गया। हादसा डीसीएम चालक को झपकी आने से हुआ
हादसा मलवां थाना क्षेत्र के कैची मोड़ ओवरब्रिज पर हुआ। सौंरा स्थित खेतान कंपनी से केमिकल लादकर टैंकर प्रयागराज की ओर जा रहा था। केमिकल भरे टैंकर में पीछे से किराना लदी डीसीएम ने टक्कर मार दी। इससे डीसीएम में शाॅर्ट सर्किट हो गई और आग लग गई। पुलिस व दमकल की मशक्कत से डीसीएम में फंसे चालक लवलेश मिश्रा (45) पुत्र हरीशचंद्र मिश्रा को बाहर निकाला जा सका। चालक बुरी तरह झुलसा था। जिला प्रतापगढ़ के कुंडा थाने के शुक्लपुर निवासी चालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया। कानपुर ले जाते समय डीसीएम चालक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। सीओ सिटी गौरव शर्मा मौके पर पहुंचे। टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ होने की आशंका पर दोनों लेन का यातायात बंद करा दिया गया। दो दमकलों की दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझ सकी। डीसीएम पूरी तरह जल गई है। डीसीएम में करीब 20 से 25 लाख कीमत के आसपास का लदा किराने का सामान जल गया। दोपहर करीब दो बजे तक जेसीबी डीसीएम का मलबा हटाती रही। इस दौरान प्रयागराज जाने वाले वाहनों को सर्विस लेन से गुजारा गया। पुलिस ने टैंकर पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर कानपुर के जगदीश ट्रांसपोर्ट में संपर्क किया। हादसे के बाद टैंकर चालक भाग गया। पुलिस को मैनेजर ने बताया कि टैंकर खेतान केमिकल से सल्फ्यूरिक एसिड लोड कर इफको फूलपुर खाद फैक्टरी जा रहा था। वहीं डीसीएम एसजीसी कार्गो मूवर्स ट्रांसपोर्ट नगर कानपुर का है। ट्रांसपोर्ट मैनेजर आनंद पाठक ने बताया कि फर्म का हेड ऑफिस दिल्ली है। दिल्ली से किराने समेत अन्य सामान लादकर डीसीएम प्रयागराज जा रहा था। थानाध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि हादसा डीसीएम चालक को झपकी आने से हुआ है। यातायात पूरी तरह से बहाल कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।