फतेहपुर। दावतपुर से बुधईयापुरवा को जोड़ने वाले दो किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण 1.77 करोड़ रुपये से कराया जाएगा। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
सड़क निर्माण से दावतपुर, बुधईयापुरवा समेत आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बारिश के दौरान उक्त मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की समस्या बढ़ जाती है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल चलने वालों को भी दिक्कत होती है।
नई सड़क बनने से ग्रामीण क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने में आसानी होगी। विद्यार्थियों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को भी इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
पीडब्ल्यूडी खंड दो के अधिशासी अभियंता दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए शासन की ओर से बजट की व्यवस्था की गई है। बारिश के बाद काम शुरू कराने की तैयारी है।