रोते बिलखते खुशी के परिजन। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
गाजीपुर (फतेहपुर)। मां के साथ कपड़ा धोने गई बालिका रविवार की दोपहर नहर में डूब गई। जाल डालकर ग्रामीण शाम तक खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला।
थाना क्षेत्र के शाखा गांव निवासी जगरूप उर्फ जग्गू पासवान की 10 वर्षीय बेटी खुशी रविवार की दोपहर मां ओमकली, पड़ोसी विमला (14) पुत्री राजेश, निशू (15) पुत्री आनंदपाल के साथ गांव से कुछ दूर निचली गंगा नहर में कपड़ा धोने गई थी। कपड़ा धोते समय सीढ़ियों से खुशी का पैर फिसल गया और देखते ही देखते खुशी बह गई।
मां और अन्य लड़कियाें ने खुशी को बचाने के लिए नहर में उतरीं, काफी कोशिश के बाद खुशी को पकड़ नहीं सकी। कुछ दूरी पर खुशी डूब गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण भी पहुंच गए और नहर में जाल डालकर खुशी को खोजने लगे, लेकिन शाम तक सुराग नहीं लगा।
पिता जगतपाल ने बताया कि बेटी प्राइमरी विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। पुलिस और नहर विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया है। नहर को बंद कराने की मांग की। शाखा गांव से दो किलोमीटर दूर गंभरी गांव के पास ग्रामीणों ने जाल बांधा है। थानाध्यक्ष आनंदपाल सिंह ने बताया कि बच्ची को खोजने के लिए प्रयास किया जा रहा है।