शहर के एफसीआई गोदाम के पास बाइक से जा रहे दूध कारोबारी ने वाहन ने कुचल दिया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने बताया कि अत्यधिक रक्त स्त्राव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बीसापुर गांव निवासी राम कुमार के पुत्र शेर सिंह (50) दूध कारोबारी थे। वह रविवार को एक वैवाहिक उत्सव में हिस्सा लेने के लिए बाइक से शहर आए थे। देर रात वह बाइक घर लौट रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के एफसीआई गोदाम के समीप एक वाहन ने जबरदस्त टक्कर मार दी। चालक भाग निकला। उधर, हादसे की जानकारी मिलने पर पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची। लहूलुहान बाइक सवार को सदर अस्पताल लाया गया। सूचना पर पहुंचे परिजन हालत देखते हुए उन्हें कानपुर ले जा रहे थे। कल्याणपुर के पास उनकी मौत हो गई।
इंसेट
तमन्ना थी बेटों को कुछ बनते देखने की
फतेहपुर। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बीसापुर गांव के शेर सिंह का बड़ा बेटा पवन कुमार इंटरमीडिएट व छोटा पुत्र दिलीप हाई स्कूल का छात्र है। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के परिजन राजू ने बताया कि शेर सिंह की तमन्ना थी बेटों को कुछ बनते हुए देखने की लेकिन शायद ऊपर वाले को यह मंजूर नहीं था।