फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर महिला को तीन तलाक दिए जाने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया कि उसकी शादी 2012 में बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खूंटा गांव निवासी नौशाद से हुई थी। शादी के बाद से ही पति नौशाद, जेठ मुश्ताक, जेठानी अख्तरी, ननद संजीदा रुपयों की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था।
वह मायके ललौली में रहकर अपना गुजर बसर कर रही है। बीच बीच में पति मायके आते और मारपीट करते थे। 27 मार्च 2022 को पति नौशाद व अन्य लोग उसके मायके आये थे। बातचीत के दौरान मारपीट की। पति ने तीन बार तलाक बोलकर तलाक दे दिया।
पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की। प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।