खागा। कोतवाली क्षेत्र के महिचा मंदिर गांव में चाय-नाश्ते की दुकान में बृहस्पतिवार रात अराजक तत्वों ने आग लगा दी। आग लगने के बाद रसोई गैस सिलिंडर फट गया। इससे लपटें तेज हो गईं और पूरी दुकान जलकर राख हो गई। दुकान मालिक ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही 70 हजार रुपये के नुकसान की बात कही है।
गोसाईं महिचा गांव निवासी महेश कुमार झोपड़ी बनाकर चाय-नाश्ते की दुकान चलाता था। रात करीब तीन बजे ग्रामीणों ने आग की लपटें देखकर उसे सूचना दी। महेश परिजन के साथ मौके पर पहुंचा लेकिन तब तक सबकुछ जल चुका था।
आग बुझने के बाद पता चला कि सिलिंडर फटने से आग और विकराल हो गई थी। सूचना पर महिचा मंदिर चौकी की पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। महेश के अनुसार गुमटी, झोपड़ी, तीन तखत, तेल, उर्वरक, मैदा, बेसन, गुटखा, भट्टी, बर्तन, नकदी और अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई।
महेश का आरोप है कि अराजक तत्व चोरी के इरादे से दुकान में घुसा और वारदात के बाद आग लगा दी। पास की एक अन्य दुकान में भी चोरी हुई है। इससे पहले शराब की दुकान में चोरी हो चुकी है। कोतवाल आरके पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
फोटो-06- दुकान में लगी आग। संवाद