बिलंदा कस्बे में व्यापारियों से पूछताछ करते चौकी इंचार्ज
- फोटो : amarujala
सराफ की दुकान से कार से आई एक महिला बुधवार दोपहर करीब 60 हजार कीमत के गहने लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने कार का पता लगाने की कोशिश की पर कामयाब नहीं रहे। उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थरियांव थाना क्षेत्र के बिलंदा कस्बा निवासी पवन गुप्ता की कस्बे में सराफा की दुकान है। उन्होंने बताया कि एक महिला सफेद रंग की इंडिगो से दुकान आई थी। कार दुकान के पास खड़ी करा दी। महिला ने उससे चार-पांच जोड़े पायल खरीदने को कहा। उसने करीब डेढ़ किलो चांदी के पायल देखे। पवन ने बताया कि इसके बाद महिला यह कहकर कि कार में परिवार की महिलाएं बैठी हैं, उन्हें दिखाकर आ रही है, गहने लेकर चल दी। सराफ ने संभ्रांत घर का होना समझ कर महिला को जाने दिया। इसके बाद वह दूसरे ग्राहकों में व्यस्त हो गया। करीब दस मिनट बीतने के बाद भी जब महिला नहीं लौटी तो सराफ का माथा ठनका।
वह दुकान के बाहर आया तो कार नदारद थी। चीख पुकार मचाई और दुकान बंद कर साथियों संग कार की तलाश की पर नजर नहीं आई। सूचना पर चौकी इंचार्ज अजीत पांडेय मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मामला टप्पेबाजी का है। महिला सुंदर और देखने से अच्छे घर की मालूम पड़ रही थी। इसी चक्कर में सराफ ने महिला के जेवरात ले जाने दिए हैं।