शादी समारोह से मंगलवार सुबह घर लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों को ट्रक ने रौंद दिया, जबकि झटका लगने से उनकी गोंद में मौजूद मासूम छटक कर दूर गिरने से बच गया। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा ।
मलवां थाना क्षेत्र के कुंवरपुर ओखरा गांव निवासी विनोद (35) के भतीजे रवि कुमार उर्फ मोनू रैदास की बारात असोथर क्षेत्र के बेर्राव गांव गई थी। मंगलवार सुबह विनोद अपनेे बेटे अंकित (5), बहनोई सूरजबली (38) और गांव के रामराज (45) को लेकर एक ही बाइक से घर लौट रहा था।
बाइक सवार हेलमेट भी नहीं लगाए थे। वे हाइवे पर मलवां थाना क्षेत्र के अल्लीपुर के पास पहुंचे थे कि कानपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद अंकित दूर जा गिरा, जबकि अन्य तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने विनोद के पास मिले कागजात के आधार पर परिजनों को सूचना दी। कुछ देर बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसएचओ एमबी निरंजन ने बताया कि कुछ लोेगों ने हादसा करने वाले ट्रक का नंबर पहचान लिया है। उसकी खोजबीन की जा रही है।