जहानाबाद के सांप्रदायिक बवाल की चपेट में आने के बाद
शनिवार को एक वर्ग के जुलूस को लेकर शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र पुलिस
प्रशासन के पहरे में रहे। मुस्लिम वर्ग ने हालातों के मद्देनजर जुलूस न
उठाकर अमन चैन की सलामती और सूझबूझ का संदेश भी जनमानस को दिया है। जुलूस
को लेकर पुलिस प्रशासन ने पहले ही कस्बे के लोगों के साथ बैठक कर कानून
व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा था।
शहर के बाकरगंज, ज्वालागंज,
पीलू तले चौराहे, चौगलिया, चांद शाह तकिया पनी रोड, वर्मा चौराहे समेत कई
इलाकों में पीएसी बल और पुलिस की तैनाती रही। अचानक पीएसी और पुलिस को
देखकर लोग दहशतजदा हो गए।
जब पता चला कि आज एक वर्ग का जुलूस निकलना था और
शांति व्यवस्था कायम करने के लिए मुस्तैदी है तो लोगों ने राहत की सांस
ली। ज्ञात हो कि हाल में जुलूस को लेकर ही जहानाबाद में सांप्रदायिक बवाल
हुआ था।
इन हालातों में किसी भी असामाजिक तत्व छोटी मोटी हरकत भी बड़ा रूप
ले सकती है। एहतियात के तौर पर पुलिस प्रशासन और एक वर्ग के लोगों ने मिल
जुलकर बैठक की। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने
के लिए चौराहों पर पीएसी व पुलिस की तैनाती की गई है।