बारा पैंटून पुल में फंसा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
जाफरगंज में गिट्टी से लदे ओवरलोड ट्रक से बांदा जिले के गलौली सीमा को मिलाने वाला बारा घाट पैंटून पुल टूट गया। ट्रक नदी में गिरते-गिरते बचा। चालक ट्रक छोड़कर कूद गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से ट्रक को बाहर कराया।
कबरई से गिट्टी लादकर पहुंचे ट्रक को पार कराने के लिए रविवार तड़के कार सवार कुछ लोग पहुंचे। पीडब्ल्यूडी विभाग की तरफ से पुल की देखरेख के लिए तैनात मोहन, राजू और चच्चू निषाद ने ट्रक को पुल पर ले जाने से रोका। मोहन ने बताया कि इसी दौरान वैन में सवार आठ से दस लोग आए और तीनों की पिटाई कर दी। इसके बाद ट्रक निकालने लगे। ओवरलोड ट्रक से पुल के पटरे टूट गए। इससे ट्रक नदी में गिरते-गिरते बचा।
चालक ट्रक से कूद गया और कार सवारों के साथ भाग निकला। फंसे ट्रक को हटाने के लिए थाना प्रभारी एके गौतम पहुंचे। पुलिस ने ट्रक में लोड गिट्टी को खाली कराया। वाहनों के इकट्ठा होने से पुल के दोनों तरफ यातायात बंद हो गया। पुलिस ने वाहनों को दूसरे मार्गों से भेजना चालू कराया। इसी दौरान ग्रामीण काफी गिट्टी ट्रैक्टरों में भर ले गए। जेई आलोक कुमार ने बताया कि घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई है। पुल को सुधारने में दो दिन का वक्त लगेगा। पुलिस के सहयोग से फिलहाल बाइकों का आवागमन चालू कराया गया है।