सदर कोतवाली क्षेत्र के पीरनपुर इलाके के गोलीकांड और बलवे के मामले में पुलिस के हत्थे चौथा आरोपी चढ़ा है। पुलिस ने उसे बुधवार को जेल भेजने की कार्रवाई की है। अभी तक मामले में पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। इनकी धरपकड़ के लिए पीरनपुर इलाके में पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
पीरनपुर निवासी राजा के घर में छेड़खानी का विरोध करने पर एक पक्ष के लोगों ने धावा बोला था। फायरिंग में राजा व चांदबाबू घायल हुए थे। कानपुर हैलट में इनकी हालत में सुधार आ चुका है। इधर, पुलिस ने नौ नामजदों में गोलीकांड के मुख्य आरोपी सांभा, शेखू उर्फ साजिद को वारदात की रात धर दबोचा था।
बलवाइयों में डब्बू ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। घायल पक्ष ने डब्बू और उसके पक्ष के लोगों को गांजा तस्कर बताया है। आरोपियों में शानू पुत्र लल्लू को पुलिस ने ज्वालागंज से बुधवार की सुबह गिरफ्तार किया है। मुराइनटोला चौकी इंचार्ज मोहम्मद परवेज ने बताया कि आरोपी शानू बलवे में शामिल था। उसे कोर्ट के सामने पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। मामले में पोटर, लकी, कंजा, यासीन, बबलू आरोपी फरार हैं। कोतवाल दीपक पांडेय ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।