फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव में सोनी (24) ने रविवार दोपहर केरोसिन उड़ेल कर आग लगा ली। जान बचाने के लिए चीखते हुए वह भागी और सामने पड़ी सास को देख वह उससे लिपट गई। बहू को बचाने में सास भी झुलस गई। दोनों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। डाक्टरों के अनुसार सास आंशिक और बहु बुरी तरह झुलस चुकी हैं।
बांदा जिले के चंदवारा गांव निवासी कमल सिंह की बेटी सोनी की शादी चार साल पहले गढ़ी गांव के मुकेश के साथ हुई थी। उसकी एक बेटी और बेटा भी है। पति मुकेश सूरत में प्राइवेट नौकरी करता है। वह तीन माह पहले गांव आया था। सोनी कई दिन से मोबाइल पर पति को घर बुला रही थी। सास अंजू सिंह ने बताया कि वह घर के बाहर किसी काम से खड़ी थी। अचानक बहू आग की लपटों में घिरी हालत में बाहर निकली। वह भीतर ही आग का गोला बन चुकी थी। देखते ही वह घबरा गईं, अभी कुछ समझ पातीं कि बहु उनसे ही आकर लिपट गई। उसने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह से बहू की आग बुझाई। उसकी मोबाइल पर ही बेटे से कोई बातचीत हुई होगी। घर में किसी से बहु का मनमुटाव नहीं था। उधर, जिला अस्पताल के डाक्टरों के अनुसार इस घटनाक्रम में सास के पेट का हिस्सा जल गया है जबकि बहु के शरीर का अधिकतर भाग जला हुआ है। डाक्टरों ने बहु की स्थिति चिंताजनक बताई है।