औंग/चौडगरा(बिंदकी) थाना क्षेत्र के जीटीरोड हाईवे पर रानीपुर मोड़ के पास ट्रक और मारुति की भिड़ंत में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना से मृतक के घर पर कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के सांई गांव निवासी गणेश गुप्ता (55) चौडगरा में रहकर अखबारों की एजेंसी चलाते थे। कोयले का व्यवसाय भी करते थे। सोमवार रात मारुति वैन से कानपुर अखबार के काम से गए थे। मंगलवार को सुबह कानपुर से घर वापसी के समय औंग थाना क्षेत्र के रानीपुर मोड़ के पास आगे जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक ब्रेक ले लिया। इससे पीछे आ रही वैन ट्रक में जा घुसी।
घटना की राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने ग्रामीणों की मदद से एक घंटे में ट्रक में फंसी वैन निकलवा ली। वैन में फंसे घायल गणेश गुप्ता को कानपुर के कांशीराम अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कानपुर में कराया गया है। ट्रक कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव घर लेकर आए और शिवराजपुर गंगा घाट में अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी गीता, बेटा विकास, बेटी प्रीती व ज्योती छोड़ गए।