पुलिस अधीक्षक कार्यालय के एकाउंट शाखा से कई
पत्रावलियां गायब हैं। गुरुवार को यह गड़बड़ी डीआईजी भगवान स्वरूप
श्रीवास्तव ने पकड़ी। उन्होंने अधीनस्थों को जमकर फटकार लगाई और एसपी को
जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
डीआईजी इलाहाबाद रेंज भगवान
स्वरूप श्रीवास्तव सुबह वार्षिक निरीक्षण करने पुलिस लाइन पहुंचे। परेड में
सलामी लेने के बाद लाइन का निरीक्षण किया। इसके बाद डीआईजी पुलिस कप्तान
कार्यालय पहुंचे।
कार्यालय में एलआईयू शाखा का निरीक्षण किया। क्राइम
रिकार्ड ब्यूरो शाखा को खंगाला। वहां पर अपराधियों का रिकार्ड और हत्या,
लूट की होने वाली वारदातों के चिह्नित स्थानों की पड़ताल की।
पैरवी सेल,
एसआईएस, बड़ी पेशी, सीओ जाफरगंज, सीओ थरियांव दफ्तरों का भी निरीक्षण किया
गया। डीआईजी ने इस दौरान रिक्रूटों से भी उनका हाल जाना। एकाउंट शाखा में
बीते सालों के रिकार्ड की फाइलें गायब थीं।
पुराने रिकार्ड को नए रजिस्टर
में अंकित नहीं किया गया था। पत्रावलियों का रखरखाव दुरुस्त न होने पर
डीआईजी नाराज हो उठे। उन्होंने फटकार लगाई।
डीआईजी ने बताया कि निरीक्षण
में एकाउंट विभाग की गायब पत्रावलियों की जांच पुलिस अधीक्षक कर अपनी
रिपोर्ट देंगे। इसके बाद संबंधित पर कार्रवाई होगी।
एकाउंट विभाग में पुलिस
कर्मियों का काफी पुराना टीए, डीए और ईंधन खर्च का बकाया पड़ा है। इसके
लिए धनराशि पीएचक्यू से दिलाए जाने की बात कही है। इस दौरान एसपी राजीव
मल्होत्रा, एएसपी आरके यादव, सीओ सिटी वंदना सिंह, सीओ खागा अतुल कुमार
चौबे, सीओ जाफरगंज बृजराज सिंह, सीओ थरियांव मदन सिंह मौजूद रहे हैं।
डबल मर्डर की जांच नए सिरे से होगी
बाकरगंज
पुलिस चौकी के पास सर्राफ अन्नू रस्तोगी और उनके साथी रमेश रस्तोगी की
लूटयुक्त हत्याकांड की जांच अब नए सिरे से होगी। डीआईजी ने बलिया एसपी अनीस
अहमद अंसारी व एसपी राजीव मल्होत्रा से बात कर इस मामले में नए सिरे से
काम करने को कहा है। बताते हैं कि जिले में तैनात रहे एसपी अनीस अहमद
अंसारी को दोहरा हत्याकांड से जुड़े क्लू मिले थे। उनमें टीमें काम कर रही
थी। इसी दौरान उनका स्थानांतरण हो गया था।