घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
ट्रैक्टर लेकर गेहूं की कतराई करने गए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने गोली मारने से पहले उसके सिर पर धारदार हथियारों से वार किए। हत्या क्यों और किसने की, यह साफ नहीं हो सका है। पिता ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस को शव के पास 315 बोर का तमंचा और कारतूस का खोखा मिला। घटना ललौली थाना क्षेत्र की बहुआ ग्राम पंचायत की है।
ग्राम पंचायत के मोहल्ला शास्त्री नगर के काश्तकार गुलाब यादव का बेटा उमेश यादव (27) खेतीबाड़ी में पिता का हाथ बंटाता था। पिछली 20 अप्रैल को उमेश का विवाह जाफरगंज थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी जयगोपाल यादव की बेटी अर्चना से हुआ था।
पिता ने बताया कि उमेश सोमवार दोपहर बाद खेत में पड़े गेहूं को कतरने के लिए ट्रैक्टर लेकर गया था। रात तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश में वह जंगल की ओर बढ़े। घर से महज 500 मीटर की दूरी पर उन्हें कुछ लोग भागते दिखाई दिए। जब वह खेत पहुंचे तो वहां बेटे का खून से सना शव पड़ा था।
सूचना पर ललौली पुलिस के अलावा जाफरगंज सर्किल के डीएसपी पूर्णेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस को ट्रैक्टर पलटा मिला। डीएसपी ने बताया कि गोली सीना चीरती हुई पीठ से बाहर निकल गई। कई बिंदुओं पर तफ्तीश की जा रही है।
बुधवार सुबह तक तस्वीर साफ हो सकती है। मौके पर जमा भीड़ के बीच यह चर्चा भी रही कि उमेश का अपने छोटे भाई से विवाद हुआ था। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।