सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मंडवा गांव में हुए
सांप्रदायिक बवाल के बाद प्रशासन फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। जाफरगंज में
सोमवार को निकलने वाले ताजिया जुलूस के मद्देनजर डीएम राजीव रौतेला ने दो
संप्रदायों से शांति कायम रखने की अपील की। इसके अलावा ग्रामीणों की मांग
पर गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराए जाने के साथ सफाई व्यवस्था
दुरुस्त किए जाने को संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
पीस कमेटी की
बैठक में डीएम राजीव रौतेला ने त्योहारों को भाईचारे का पैगाम करार दिया।
कहा कि त्योहारों को सौहार्द के साथ मनाया जाए न कि उन्हें नफरत के रंग से
रंगने की कोशिश की जाए।
उन्होंने दो संप्रदाय के लोगों से शांति व्यवस्था
में सहयोग मांगा। साथ ही स्थानीय पुलिस व प्रशासन को अलर्ट किया। डीएम से
ग्रामीणों ने मच्छरों से बचाव के लिए एंटीलार्वा का छिड़काव कराने व गंदगी
के ढेर से निजात दिलाने की मांग की।
जिस पर उन्होंने सीएमओ डॉ. विनय कुमार
पांडेय व डीपीआरओ जितेंद्र मिश्र को इसके लिए निर्देशित किया। डीएम ने
ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यह काम हर हाल में सोमवार से चालू हो जाएगा।
इसके अलावा जिले के हाकिम के सामने जोनिहा से जाफरगंज मार्ग की मरम्मत
कराए जाने का मामला भी रखा गया। जिस पर कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने
के बाद सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा। बैठक में निराले अहमद,
यार मोहम्मद, साजिद समेत अन्य ताजियादार मौजूद रहे।