खुदाई में निकले शराब और लहन से भरे डिब्बे
- फोटो : अमर उजाला
आबकारी विभाग के राजस्व को चूना लगा रहे अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ एक अभियान चलाया गया है। बिंदकी और सदर सर्किल में टीमों ने मुखबिर तंत्र की सटीक सूचनाओं के बाद घरों पर छापेमारी की। घरों की जमीन खोदकर लहन और तैयार शराब बरामद की गई।
आबकारी अधिकारी पीसी पाल के निर्देश पर सदर निरीक्षक अजय कुमार, खागा निरीक्षक रवींद्र प्रसाद, बिंदकी निरीक्षक शंकरपाल की संयुक्त टीम ने बकेवर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में छापेमारी की। रामपुर गांव में ही प्रताप, सोहन, हरिपाल, फुल्लू, मुन्नू के घरों पर टीमों ने फावड़े और कुदाल चलाए। छप्परों के नीचे से खुदाई में छिपाए लहन और शराब के डिब्बे बरामद हुए। पांचों के घरों से 35 लीटर कच्ची शराब और साढ़े पांच क्विंटल लहन बरामद किया है।
इससे पहले टीम ने थरियांव थाना क्षेत्र के लतीफपुर गांव में सूरजकली, रूपा देवी, गुड़िया देवी, भोला, सदर कोतवाली के बेरूईहार में रामशंकर और खागा में माया देवी, गीता के घरों से साठ लीटर कच्ची शराब और छह क्विंटल लहन बरामद किया।