अमर उजाला ब्यूरो
खागा। कोतवाली के ठाकुरपुर गांव में सोमवार की भोर एक युवक की उसके ही घर में पत्नी के सामने गला दबाकर हत्या कर दी गई। पत्नी ने तीन नकाबपोश के वारदात करने की बात कही है।
उसने बताया कि उसे बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या की एफआईआर लिखी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर मारे जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस आशनाई के बिंदु पर जांच कर रही है। पत्नी से पूछताछ की जा रही है।
गांव के जमुना प्रसाद खेतिहर मजदूर हैं। इनका बेटा सुरेंद्र सिंह (25) भी पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था। सोमवार की रात नौ बजे खाना पीना कर बाहर के कमरे में परिवार सहित सोने चले गए। पत्नी निधि ने बताया कि सुबह चार बजे के आसपास किसी ने कुंडी खटखटाई।
उसे लगा कि शायद बाबूजी होंगे। कुंडी खोली तो मुंह ढंके तीन लोग कमरे में दाखिल हो गए। एक ने मुझे कब्जे में लेकर हाथ-पैर बांध दिए। शोर सुनकर नींद से जगे पति ने विरोध किया तो दो ने पति का गला दबा दिया। पांच मिनट के बाद तीनों धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाल एके राय ने बताया कि मृतक के पिता जमुना की ओर से तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि गांव में इसकी रंजिश सामने नहीं आई है। ग्वालियर में यह शटरिंग का ठेकेदार था। नौ दिसंबर को वहां से आया था। पत्नी गांव में ही रहा करती थी। पुलिस सुरेंद्र के मोबाइल की सीडीआर खंगाल रही है। यह माना जा रहा है कि हत्यारे परिवार या गांव के लोगों के परिचित रहे होंगे। यही वजह थी कि वे सभी नकाबपोश आए थे। पत्नी ने पुलिस को हत्यारों के नकाबपोश होने की बात बताई है। पत्नी से कई बिंदु पर पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है पत्नी अभी भी पुलिस से कुछ छिपा रही है।
पुलिस की जांच के बिंदु
- पत्नी के नकाबपोश तीनों को बताने से पुलिस परिचित को शक के दायरे में रख रही है।
- पत्नी की मोबाइल को भी पुलिस ने खंगालने के लिए लिया है। जांच में आया कि इलाके के ही एक रिश्तेदार का ज्यादा आना जाना था। बताया गया कि पति को उसका आना-जाना ठीक नहीं लगता था। इस बिंदु पर भी पुलिस काम कर रही।
- पत्नी को नकाबपोशों ने बंधक बनाकर वारदात की, तो बिना किसी की मदद के पत्नी बाहर शोर मचाने कैसे आ गई। पुलिस इस पर भी जांच कर रही।
- पुलिस को पत्नी की ओर से गांव की एक लड़की पर उंगली उठाई गई है, पुलिस उसे भी जांच में देख रही।