फतेहपुर। जिले में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में पुराना जीटी रोड शनिदेव मंदिर के पास गुरुवार देर रात बाइकों की भिड़ंत में दोनों चालकों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। उधर, बिंदकी तहसील रोड के एनआईसी मोड़ पर सैलून दुकानदार की ट्रक ने कुचलकर मौत हो गई। वहीं धाता थाना क्षेत्र के चकनारा रोड हुए हादसे में एक अज्ञात युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शहर के शकुन नगर मोहल्ला निवासी नरेंद्र
कुमार का बेटा अमित कुमार (20) अपने साथी आदर्श अवस्थी (23) पुत्र कृष्ण
कुमार अवस्थी के साथ मलाका गांव शादी समारोह में शामिल होने गया था।
शादी
में शरीक होकर बाइक से दोनों देर रात घर आ रहे थे। इधर, शहर से शादी समारोह
में शामिल होकर बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के मंडराव निवासी सुरेंद्र सिंह का
बेटा अनूप (24) और श्रीलाल का बेटा रोशन (25) भी अपने गांव आ रहे थे।
दोनों का घर बसंतीखेड़ा बिंदकी में है।
जैसे ही दोनों बाइकें पुराना जीटी
रोड स्थित शनिदेव मंदिर के पास पहुंचीं तभी दोनों बाइकों की सीधी भिड़ंत हो
गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर चारों लोग उछलकर दूर-दूर जा गिरे।
राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची और चारों को अस्पताल भेजा गया।
डाक्टर ने अमित और अनूप को मृत घोषित कर दिया। वहीं आदर्श और रोशन की हालत
नाजुक देखकर हैलट रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला मीरखपुर, बिंदकी निवासी
सोहनलाल का पुत्र बबलू (40) अपने छोटे भाइयों नाटुल व दिलीप के साथ
कुंवरपुर रोड ललौली चौराहे पर सैलून की दुकान चलाता था।
शुक्रवार देर शाम
बबलू दुकान से साइकिल लेकर सब्जी खरीदने रामलीला मैदान सब्जी मंडी जा रहा
था। बांदा की ओर से चौडगरा जा रहे गैस सिलेंडर से लदे ट्रक ने उसे कुचल
दिया।
भीड़ के कारण आधा घंटे तक आवागमन बंद रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने
सभी को हटाया। छोटे भाई नाटुल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बबलू की शादी बीस साल पहले हुई थी, उसके कोई संतान नहीं है।
धाता थाना क्षेत्र के चकनारा रोड पर शुक्रवार को घायलावस्था में बेहोश
मिले अज्ञात युवक (35) की सीएचसी हरदों लाते समय रास्ते में मौत हो गई।
मृतक की शिनाख्त नहीं हुई। युवक काली पैंट वह शर्ट पहने था।