फतेहपुर। केमिकल से शराब बनाने के मामले में रायबरेली से वांछित तस्कर को गैंग समेत थरियांव पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। एसटीएफ की कार्रवाई में शहर का यह आरोपी लोडर लेकर रायबरेली के ऊंचाहार से भाग निकला था। आरोपियों के पास से सौ लीटर ओपी (शराब बनाने का केमिकल) बरामद किया गया है।
पुलिस लाइन में एसपी राहुल राज ने बताया कि थरियांव थानेदार श्रवण कुमार सिंह और स्वॉट टीम प्रभारी अमित पांडेय की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार भोर बिलंदा हाईवे पर लोडर सवार आरोपियों को पकड़ा गया।
आरोपियों में शहर के लोधीगंज निवासी संजय कुमार लोधी, हरदोई बिलग्राम के बेहटा निवासी दिवाकर तिवारी, गाजीपुर थाने के चकरसूलपुर निवासी संदीप कुमार उर्फ बीरू लोधी को पकड़ा गया है। आरोपी संजय और दिवाकर से एक एक तमंचा बरामद हुआ है। सौ लीटर दो गैलन में शराब बनाने का केमिकल, पांच प्लास्टिक की बोरी 1470 खाली शीशी, 1350 रैपर मस्तीहू देशी शराब ब्रांड, एमसी डॉवल्स के रैपर, इंपीरियल ब्लू के 348 ढक्कन आरोपियों से बरामद हुए। आरोपी दिवाकर का भाई अंबाला में फौजी है।
बता दें कि छह माह पहले आरोपी संजय लोधी अपने दूसरे साथियों के साथ रायबरेली के ऊंचाहार में ओपी तस्करी करने गया था। वह सारा माल उतार चुका था, तभी एसटीएफ ने छापेमारी की थीा। साथियों को एसटीएफ ने पकड़ा था। उनके कबूलनामे पर संजय को रायबरेली पुलिस ने फरार घोषित किया था। इसके बाद भी उसकी लगातार गतिविधि सक्रिय रही।
आरोप लगाया जा रहा है कि इनकी सक्रियता के बावजूद शहर की पुलिस इस मामले में सो रही थी। थानेदार श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि ऊंचाहार पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।
प्रतापगढ़, बांदा के माफिया दे रहे सप्लाई
फतेहपुर। जिले में अवैध और नकली शराब बेचने वाले माफियाओं को पुलिस इन दिनों की साइलेंट मूड में होना मान रही है। देशी शराब में इस्तेमाल होने वाला ओपी केमिकल शुगर मिल से मिलता है। इसकी सप्लाई आबकारी डिस्टलरी में की जाती है। केमिकल मिलावट में चूक होने पर जानें जा सकती हैं।
जिले में करीब दो साल से कई सरेंडर के बाद भी नकली शराब का कारोबार पनपा हुआ है। थरियांव पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों का सीधा लिंक बांदा के माफिया से है। बांदा का एक माफिया एक हजार लीटर ओपी गाजीपुर थाने के अयाह में पुलिस ने पकड़ी थी।
आरोपियों के कबूलनामे पर माफिया नामजद हुआ था लेकिन तत्कालीन थानेेेदार की जांच में आरोपी का नाम बाद में हट गया था। तब पुलिस के रडार में मंगलवार को पकड़े गए संदीप उर्फ बीरू लोधी आया था। हरदोई का दिवाकर तिवारी बांदा के माफिया के गुर्गा बताया जाता है। ब्यूरो