थाना क्षेत्र के सुजानपुर गांव में शनिवार को एक मासूम की तालाब में डूबने
से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। इसकी बड़ी बहन भी साल भर
पहले इसी तालाब में डूब गई थी।
गांव निवासी बलबीर सिंह अपनी पत्नी
आशा देवी के साथ खेत में काम करने चला गया था। घर पर उसके बच्चे मौजूद थे।
दो साल का करन खेलते-खेलते घर के सामने स्थित तालाब में फिसल कर डूब गया।
दूसरे बच्चों ने इसकी खबर परिजनों को दी।
इस पर वे लोग दौड़कर मौके
पर पहुंचे। परिजनों ने तालाब में बच्चे की तलाश शुरू की। छानबीन के दौरान
मासूम का शव उतराता दिखाई पड़ा। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मच
गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल करन की चार साल की बहन स्वाती की भी
इसी तालाब में डूबकर मौत हो गई थी।
अब बलबीर के बच्चों में उसकी
बड़ी बेटी राधा (13), चांदनी (4) और पुत्रों में विक्रम (11) विमल (9)
कल्लू (8) हैं। घटना की खबर राजस्व कर्मी हल्का लेखपाल अजय कुमार मौके पर
पहुंचे और रिपोर्ट तैयार की।