चोरों ने दो घरों से शुक्रवार रात नगदी व जेवर पार कर दिए। एक घर का पर्स व कुछ सामान दूसरे घर में छोड़ गए। पुलिस ने जांच पड़ताल कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के कोड़ारवर गांव निवासी रामबली साहू का बेटा शारदा घर के बाहर परिवार संग सो रहा था। शारदा ने बताया कि रात लगभग ढाई बजे देखा तो बक्से का ताला टूटा था। तीस हजार रुपये के जेवर और तीस हजार रुपये गायब थे। कमरे में एक पर्स में आधार कार्ड, बाइक की चाबी मिली। सुबह पता चला कि गांव के अकबर के घर में पीछे से सेंध लगाकर चोरी हुई है। अकबर ने बताया कि उसके तीन बेटे सऊदी अरब में रहते हैं। एक बेटा शमीम दस दिन पहले लौटा था। पासपोर्ट, पर्स, वापसी टिकट, 15 ग्राम सोने के जेवरात और अटैची में रखे नौ हजार रुपये चोर ले गए। थानेदार सच्चिादानंद त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घटनाओं की छानबीन की जा रही है।