एसआरएस मामला : नहीं कम हो रही एसआरएस की मुश्किलें, दो और मामले दर्ज
- दर्ज मामलों की संख्या हुई 40 से अधिक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एसआरएस ग्रुप के निदेशकों की मुश्किलें अभी कम होती दिखाई नहीं दे रही हैं। जैसे जैसे शिकायतों की जांच होती जा रही है, पुलिस उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर रही है। शुक्रवार को भी इनके खिलाफ दो और मामले दर्ज किए गए हैं। इससे अब इनके खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या 39 हो गई है तथा दो मामले होडल में भी दर्ज हैं। उन दोनों मामलों में अनिल जिंदल दो दिन के पुलिस रिमांड पर था, जोकि शनिवार को समाप्त हो गया।
सेक्टर-31 थाना पुलिस ने कृष्णलाल गेरा की शिकायत पर एसआरएस ग्रुप के चेयरमैन अनिल जिंदल, उसके पार्टनर जितेंद्र गर्ग, राजेश सिंगला के खिलाफ प्रॉपर्टी के लेनदेन में धोखधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। इसी तरह इंद्रा एन्क्लेव, सेक्टर-21डी निवासी गुरुदेव की शिकायत पर अनिल जिंदल, विनोद जिंदल, राजेश सिंगला, बिशन बंसल, ललित कुमार, दीलिप कुमार, सीमा नारंग, नरेश कुमार सहित 5-6 अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। दोनों मामलों को आर्थिक अपराध जांच शाखा ने जांच के बाद दर्ज करने के लिए सेक्टर-31 थाने में भेज दिया था। इससे पहले आरोपियों के खिलाफ 37 मामले फरीदाबाद में और दो मामले होडल थाने में दर्ज हैं।
पुलिस अब इन मामलों में कभी भी आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर ले सकती है। इतना ही नहीं जो आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं उनके गिरेबान तक भी कभी भी पुलिस के हाथ पहुंच सकते हैं। ऐसे में अधिकांश आरोपी यहां वहां हो रखे हैं। पुलिस केल पास एसआरएस ग्रुप के निदेशक व अधिकारियों के खिलाफ करीब 100 शिकायतें लंबित हैं, जिनकी जांच चल रही है। मामना जा रहा है कि जल्द ही इनके खिलाफ एक साथ कई मामले दर्ज हो सकते हैं।
निवेशकों की बढ़ी परेशानी, मिल रहा आईटी का नोटिस
एसआरएस ग्रुप के खिलाफ आयकर विभाग (आईटी) की जांच की आंच निवेशकों तक भी पहुंचने लगी है। पुलिस से लिए गए रिकार्ड के आधार पर आयकर विभाग ने एसआरएस ग्रुप में पैसे निवेश करने वालों को भी नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। इससे उनकी भी मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। बल्लभगढ़ फ्रेंडस कॉलोनी निवासी लता खंडेलवाल को आयकर विभाग की ओर से 13 अप्रैल को नोटिस जारी कर 20 अप्रैल तक आयकर विभाग में अपना पक्ष रखने को कहा गया था। उनके बेटे ने आयकर विभाग में पेश होकर जल्द ही अपने सीए के माध्यम से जवाब देने की बात कही है। लता खंडेलवाल को आयकर विभाग का नोटिस मिलने के बाद से बाकी निवेशकों को भी चिंता सताने लगी है, उनको भी नोटिस मिल सकता है। एसआरएस पीड़ित मंच के संयोजक जनक राज गुप्ता ने बताया कि विभाग एसआरएस के खातों की जांच कर उन पर शिकंजा कसने की बजाय निवेशकों को ही प्रताड़ित करने में लगा है।