कोतवाली में हंगामा काटती महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के संग्रामपुरसानी गांव के पास गुरुवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने टेंपो रोककर चालक से मारपीट की। महिला यात्री से भी लूटपाट किया। अन्य महिलाओं के विरोध पर बदमाश भाग निकले। पीड़ित महिलाओं ने पहले कोतवाल का सीयूजी नंबर लगाया। न लगने पर 100 नंबर पीआरवी को घटना की जानकारी दी।
रायबरेली जनपद के गुरुबक्षगंज कस्बा निवासी धीरेंद्र गुप्त की पत्नी रानी गुप्ता, कौशांबी जनपद के कड़ा थाना क्षेत्र के टांड़ा निवासी रमेश साहू की पत्नी सुमन साहू, सुरेशचंद्र गुप्ता की पत्नी ममता देवी और थरियांव थाना क्षेत्र के बलईपुर निवासी पंचम की पत्नी रामजनी व गौरी देवी फतेहपुर से निमंत्रण में शामिल होने के बाद टेंपो से नगर आ रही थीं। टेपों चालक ने थरियांव कस्बे में खड़ी दूसरी टेंपो में इन सभी को बैठा दिया। टेंपो जैसे ही कोतवाली क्षेत्र के संग्रामपुर सानी गांव के पास आया, दो बाइक सवारों ने टेंपो रुकवाकर चालक से मारपीट शुरू कर दी। रानी गुप्ता ने आरोप लगया है कि बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट के दौरान मंगल सूत्र और पर्स में रखे 20 हजार रुपये छीन लिए।
अन्य महिलाओं के विरोध करने पर बदमाशों ने हाथापाई शुरू कर दी। पुलिस के पहुंचने पर बदमाश भाग निकले। पीआरवी उन्हें टेंपो चालक शिव कुमार और महबूब आलम को लेकर जैसे ही कोतवाली आई। पीछे से एक बाइक सवार युवक भी आ धमका। युवक को पहचान कर महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के समझाने पर महिलाएं शांत होकर वापस लौट गईं। महिलाओं ने दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मारपीट कर लूटपाट करने की तहरीर दी है। दूसरी ओर कोतवाल एयू सिद्दीकी का कहना है कि महिलाओं के साथ मारपीट हुई है, रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।