धाता (खागा)। शुकुलपुर और सरवनपुर नेदौरा गांव के बीच भुइयन बाबा के पास रविवार को बाइक सवारों ने एक युवक को गोली मार दी। सदर अस्पताल से उसे इलाहाबाद रेफ र कर दिया गया है। पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें हत्या के एक मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद से खुन्नस चल रही थी।
कौशांबी जिले के पुरामुफ्ती थाना के गांव बरवा निवासी रामाकांत शर्मा के बेटे सागर शर्मा अपने मामा गया प्रसाद के बेटे राहुल के साथ बाइक से ननिहाल डेंडासाई आ रहे थे। इसी दौरान भुइयन बाबा के पास पीछे से दो बाइकों से आ रहे चार लोगों ने ललकारते हुए गोली मार दी। गोली सागर शर्मा के पैर के जांघ के नीचे लगी जिससे वह लड़खड़ाकर बाइक से गिर पडे़। राहुल को चोट नहीं लगी। मोबाइल से राहुल ने अपने पिता गया प्रसाद को सूचना दी और 100 नंबर डायल कर घटना के बारे में बताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से सदर अस्पताल रेफ र किया गया। हालत खराब होने पर इलाहाबाद रेफ र कर दिया गया। घायल सागर के मामा राजेश कुमार ने असोथर थाना क्षेत्र के भुजीकुंई सरकंडी निवासी मनोज कुमार, पप्पू तिवारी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजेश कुमार ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों की गांव में ही रिश्तेदारी है। सागर शर्मा और राहुल से दोनों की खुन्नस थी। एक साल पहले भी हमला किया था। रिश्तेदार होने के नाते घटना की रिपोर्ट नहीं लिखाई थी। एसओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एफ आईआर दर्ज कर ली गई है। प्रथम दृष्टया जांच में आया है कि राहुल की बहन सरकंडी में ब्याही है। उसके रिश्ते में आरोपी देवर लगते हैं। आरोपी मनोज ने अपने भाई की हत्या का आरोप राहुल की दूसरी बहन के घरवालों पर लगाकर थरियांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी की खुन्नस दोनों परिवारों में है। गोली मारने की भी वही वजह मानी जा रही है।
------