कोतवाली क्षेत्र के गांव छोटेलालपुर कंजरनडेरा में एक हफ्ते पहले हुई
मारपीट व पथराव में घायल वृद्धा की कानपुर में मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस
दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
वृद्धा की मौत से एक बार फिर गांव में तनाव बढ़ गया है। एहतियातन फोर्स लगा
दी गई है।
बीते मंगलवार को गांव छोटेलालपुर कंजरनडेरा निवासी पिंकू की पत्नी रीता
पर गांव के रामकुमार उर्फ बाबा ने छींटाकशी की थी। विरोध करने पर दोनों
पक्षों में गालीगलौच, मारपीट और पथराव हुआ था।
आरोप है कि तभी बाबा व उसके
पुत्र विश्वनाथ, भतीजा अनिल पुत्र शिवकुमार , दामाद संजीव पुत्र बाबूराम
आदि परिजनों ने पथराव कर घर पर हमला बोल दिया था।
पिंकू की दादी 60 वर्षीय
लक्षो उर्फ लक्ष्मी पत्नी छेदालाल का सिर फट जाने से वह गंभीर रूप से घायल
हो गईं थी। दूसरे पक्ष के रामकुमार की पुत्री पुष्पा के भी चोटें आईं थीं।
घायल वृद्धा को सीएचसी बिंदकी से हालत चिंताजनक देख डाक्टरों ने कानपुर
रेफर कर दिया था। जिसकी कानपुर में इलाज के दौरान सोमवार रात मौत हो गई।
कोतवाल केके यादव ने बताया कि इस मामले पर दोनो पक्षों से रिपोर्ट दर्जकर
वृद्धा को गंभीर रूप से घायल करने वाले चार नामजद अभियुक्तों में अनिल व
विश्वनाथ को जेल भेज दिया गया था। फरार चल रहे दो की तलाश जारी है, उनको भी
शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने पर मुकदमा भी तरमीम
किया जाएगा।