अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर मंगलवार की रात पशुओं से लदे ट्रकों से जबरन वसूली को लेकर मारपीट और फायरिंग हुई। हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना के बाद रात में ही दोनो पक्ष निकल भागे।
घटना कोतवाली क्षेत्र के मझिलगांव चौकी और एक ढाबे के पास रात करीब साढ़े 12 बजे हुई है। कोतवाली क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर इलाहाबाद और कौशांबी से आने वाले पशु लदे वाहनों को बार्डर इलाके में रोक लेता है।
वाहनों से असलहों के बल पर गुंडा टैक्स की वसूली करता है। इसे लेकर काफी दिनों से तस्करों में तनातनी का माहौल है। बताया जाता है मंगलवार की रात हिस्ट्रीशीटर ने साथियों के साथ पशुओं से लदे कई ट्रक रोक लिए।
चालकों ने वाहन मालिकों को खबर दी। तीन लग्जरी गाड़ियों में असलहों से लैस तस्कर पहुंचे। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और हवाई फायरिंग हुई। इसके बाद ट्रकों को तस्करों ने रवाना कर दिया। इस संबंध में कोतवाल एके राय ने बताया कि वे मीटिंग में आए हैं। मामले की कोई शिकायत नहीं आई है।