अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। शहर की रानी कालोनी में सराफ के बेटे ने एक युवक पर गोली चला दी। निशाना चूक जाने से वह बाल-बाल बच गया और गोली गेट में जा धंसी। इसी बीच दौड़ाकर आरोपी को तमंचे सहित दबोच लिया गया। जिस युवक पर हमला हुआ, वह चर्चित अवैध शराब कारोबारी का बड़ा भाई है।
रानी कालोनी डीपी सिंह स्कूल के पास अमर सिंह का परिवार रहता है। उनके घर सोमवार रात चौक कटरा अब्दुल गनी निवासी सराफ सर्वेश सोनी का बेटा शोभित अपाचे बाइक से आया था। वह अमर सिंह के बेटे वीर अभिमन्यु सिंह उर्फ बीरू को घर के बाहर आवाज देकर बुला रहा था। बीरू का भाई धीरेंद्र बाहर निकला और कहा कि बीरू घर में नहीं है। सुबह आकर मिल लेना।
धीरेंद्र का आरोप है कि इसी बात पर शोभित गाली देने लगा। उन्होंने विरोध किया तो शोभित ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गनीमत थी कि निशाना चूक गया और गोली सीधे गेट पर जा लगी। चौकी इंचार्ज इजहार अहमद ने बताया कि 100 नंबर की सूचना पर तुरंत पुलिस पहुंची और आरोपी शोभित को 315 बोर तमंचे के साथ दबोच लिया गया।
बीरू को औंग पुलिस ने शराब माफिया समरजीत सिंह संग अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा था। वह पहले भी कई बार पकड़ा जा चुका है। सराफ के बेटे का इनसे कनेक्शन की छानबीन की जा रही है। कोई लेनदेन का विवाद भी हो सकता है। फिलहाल पीड़ित धीरेंद्र की तहरीर पर जानलेवा हमले, धमकी, गाली गलौच की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सराफ के बेटे ने युवक पर झोंका फायर
निशाना चूक जाने से गोली गेट में जा धंसी, दबोचा गया
छोटे भाई को गया था बुलाने, न मिलने पर की वारदात