अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद पुलिस की अभिरक्षा से हथकड़ी समेत भागने का आरोपी मध्यप्रदेश की जेल से बीस दिन बाद भी नहीं आ सका है। मध्यप्रदेश कोर्ट ने उसे 16 जनवरी को जिला कोर्ट में भेजने का आदेश दिया था। हालांकि आरोपी के न आने की वजह सामने नहीं आ सकी है।
असोथर थाने के कोटवा गांव निवासी बच्ची निषाद ने पत्नी संगीता की गला दबाकर बीस दिन पहले हत्या कर दी थी। गिरफ्तारी के बाद हत्यारोपी पुलिस कर्मियों को चकमा देकर हथकड़ी समेत भाग निकला था। पुलिस इधर उधर खोजबीन में जुटी रही। उधर, मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के हनुमानटाला पुलिस ने आरोपी को चाकू समेत पकड़ कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने कोर्ट से आरोपी के विरुद्ध वारंट बी लेकर जबलपुर कोर्ट में दाखिल किया।
कोर्ट ने पुलिस अभिरक्षा के बीच आरोपी को जिला कोर्ट 16 जनवरी को भेजने के आदेश दिए। लेकिन आरोपी 16 जनवरी को नहीं पेश हुआ। जबलपुर पुलिस को आरोपी से हथकड़ी भी नहीं बरामद हुई थी। एसओ राजेश मौर्या ने बताया कि आरोपी बीमार या फिर पुलिस इंतजाम न होने की स्थितियों में कोर्ट अग्रिम तारीख पेशी को दे देती हैं। वह जल्द ही जिला कोर्ट में पेश होने आएगा।