अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। वर्मा चौराहा स्थित सुंदर नगर मुहल्ले में रिटायर्ड शिक्षक के घर चोरी हो गई। ताले तोड़कर घर में घुसे चोर जेवर, नगदी समेत करीब सात लाख का माल समेट ले गए। पीड़ित परिवार पैतृक गांव सुल्तानपुर घोष थाने के मोहम्मदपुर गौंती गया था। पड़ोसी की सूचना पर लौटे परिजनों ने पुलिस को खबर दी। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के सुंदर नगर वर्मा चौराहा निवासी अवधेश नारायण श्रीवास्तव रिटायर्ड शिक्षक हैं। 18 अक्तूबर को पूरा परिवार पैतृक गांव चला गया था। उसी रात चोर ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्से के ताले तोड़े और 12 सोने के हार, एक सोने की चेन, तीन जोड़ी चांदी के पायल, 10 जोड़ी चांदी की बिछिया, एक सोने का मंगल सूत्र, तीन कील, छह सोने की अंगूठी और 31 हजार रुपये उठा ले गए।
सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो फोन पर गृहस्वामी को सूचना दी। परिवार लोग कमरे में सामान फैला देख हक्का बक्का रह गए। 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
बेटे हरिओम ने बताया कि वे लोग तहरीर लेकर 19 को थाने गए थे। तब कहा गया कि कोतवाल अभी नहीं हैं। उनके आने पर रिपोर्ट दर्ज होगी। इसके बाद अगले दिन 20 को थाने में तहरीर दी। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
फोटो-8 परिचय-शहर के सुंदर नगर में चोरी के बाद बिखरा सामान।
रिटायर्ड शिक्षक के घर लाखों की चोरी
परिजन गए थे पैतृक गांव, पड़ोसियों ने दी सूचना