पति के सूरत जाने के खफा पत्नी ने फांसी लगाई
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र में बहादुरपुर ग्राम सभा के मजरे रिठवां में नवविवाहिता राधा(20) ने रविवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति एक पखवारे पहले सूरत चला गया था। इससे वह नाराज थी। घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे। महिला की छह माह पहले शादी हुई थी।
मलवां थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव निवासी छोटेलाल चौहान की बेटी राधा की शादी फरवरी माह में बहादुरपुर निवासी संदीप चौहान से हुई थी। संदीप सूरत में प्राइवेट नौकरी करता है। वह 15 दिन पहले काम पर चला गया था। राधा ससुर देशराज के साथ रहती थी।
देशराज ने बताया कि वह देर शाम को खेत से लौटकर आए। बहू के दिखाई न देने पर आवाज लगाई। कोई जवाब न आने पर उसके कमरे में पहुंचे। कमरे में धन्नी से फांसी के फंदे से बहू का शव लटका देखकर सन्न रह गए। देशराज की सूचना पर इसी गांव में ब्याही राधा की बड़ी बहन पहुंचीं। एसओ राजेश मौर्या ने बताया कि फिलहाल मायके वालों ने कोई आरोप नहीं लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
- एक पखवारे पहले नौकरी करने चला गया था पति
अमर उजाला ब्यूरो