अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने पीड़िता के परिजनों से मारपीट की। इसमें चार लोग घायल हुए हैं।
गांव का एक परिवार सोमवार की सुबह खेत में काम कर रहा था। आरोप है कि गांव के ही धर्मेंद्र कुमार ने किसान परिवार की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ शुरू कर दी। किशोरी की चीख सुनकर परिजन आ गए और युवक को फटकारते हुए पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी। इस पर कुछ देर बाद युवक अपने भाई राजकुमार के साथ वहां फिर पहुंचा। लाठी-डंडा लेकर पहुंचे दोनों भाइयों ने मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में चार लोग घायल हो गए। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने बीच-बचाव करते हुए झगड़ा शांत कराया। परिजन महिंचा पुलिस चौकी में शिकायत देने के बाद घायलों को लेकर हथगाम, सीएचसी पहुंचे। जहां सभी को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। कोतवाली प्रभारी एके राय का कहना है कि चौकी इंचार्ज को भेजकर जांच कराई जा रही है।
छेड़छाड़ के विरोध पर हमला, चार घायल
कोतवाली प्रभारी बोले, चौकी इंचार्ज से करा रहे जांच