चेक बदलने वाला उत्तराखंड का जालसाज धरा गया
- फोटो : अमर उजाला
पांच-पांच सौ रुपये की चेक को चार लाख 84 हजार रुपये का बनाकर बैंक से कैश लेने पहुंचे शातिर को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुद को उत्तराखंड का निवासी बताया है। वहीं उसके साथियों की तलाश भी की जा रही है।
कलक्टरगंज मोहल्ला निवासी हरिश्चंद्र शुक्ला की एक एजेंसी है। उन्होंने बताया कि 13 मार्च को आंध्रा बैंक दिल्ली से सुधीर अग्रवाल नाम से एक युवक की कॉल आई थी। उसने बैंक की योजना के तहत स्वैप मशीन किस्तों पर देने को कहा था। इसके बाद सुधीर अग्रवाल उनकी फर्म में 14 मार्च को आए। कुछ कागजात लेने के बाद दो पांच पांच सौ रुपये की चेक सिक्योरिटी के रूप में लिया। उनकी पत्नी सरिता शुक्ला ने दो चेक दे दिया।
उनके पास मंगलवार को यूनियन बैंक से कॉल आई कि उन्होंने एक लाख 97 हजार और दो लाख 87 हजार रुपये के चेक सुखबीर सिंह के नाम पर जारी किए हैं। बैंक कर्मी ने चेक सत्यापन के लिए फोन किया था। यह सुनकर उनके होश उड़ गए और भुगतान रोक देने की बात कही। वह लोग सीधे बैंक पहुंचे।
वहां पर सीसीटीवी फुटेज पर चेक भुगतान के लिए पहुंचे सुधीर अग्रवाल को देखा। इसके बाद उसे पकड़ने के लिए प्लान बनाया गया। वे अपने साथी भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष विद्या भूषण तिवारी व पुलिस के साथ बुधवार की दोपहर बैंक पहुंचे। वहां पर सुधीर अग्रवाल जैसे पहुंचा, उसे दबोच लिया गया। पकड़े गए युवक ने खुद को उत्तराखंड, रुड़की का बताया है। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि जालसाज के साथ एक और युवक के होने की खबर है। जिसकी तलाश की जा रही है।