असोथर। थाने के विधातीपुर गांव में एक विवाहिता फांसी पर लटकी मिली। दो साल पहले इसकी शादी हुई थी। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष से विवाद हो गया। इस पर मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने चार ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
थरियांव थाना क्षेत्र के फरीदपुर मिचकी गांव निवासी दिग्विजय सिंह की बेटी उमा देवी (24) की दो साल पहले असोथर थाने के विधातीपुर गांव निवासी गुलाब सिंह के बेटे सोम सिंह यादव से शादी हुई थी। दंपति के बीच शुक्रवार शाम खाने को लेकर विवाद हुआ था। ससुराली वालों का कहना है कि गुस्सेे में सोम ने उमा को पीट दिया।
परिवार के लोग घर के बाहर सो रहे थे। दंपति कमरे में थे। देर रात पत्नी को बिस्तर में न देखकर सोम ने तलाश शुरू की। दूसरे कमरे में छत के कुंडे से पत्नी का शव लटका देखा। चीख सुनकर परिवार के सभी लोग पहुंचे। घटना की मायके पक्ष को सूचना दी गई। मायके पक्ष के आरोप लगाने पर ससुराल वालों से विवाद हो गया।
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि एक लाख नगद, बाइक की ससुराल वाले बेटी से मांग करते थे। मांग पूरी न होने के कारण मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर बेटी को पीट कर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। एसओ कमलेश पाल ने बताया कि तहरीर पर सास सूरजकली, ससुर, पति, ननद माधुरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
फांसी पर लटकी मिली विवाहिता
- मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया
- पुलिस ने चार ससुराल वालों पर दर्ज की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो