फतेहपुर। नौकरी का झांसा देकर कानपुर से लाए एक युवक को जहरखुरान गिरोह के सक्रिय सदस्य ने लूटपाट के बाद सूखे कुएं में फेंक दिया। चौबीस घंटे बाद रविवार शाम ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तभी उसे बाहर निकाला जा सका। 100 नंबर की सूचना पर पुलिस पहुंची।
कानपुर चौबेपुर थाने के बैदानी निवासी राकेश चौहान के बेटे मनीष सिंह चौहान (23) की शनिवार शाम खागा कोतवाली क्षेत्र के लाखीपुर के कुकरा निवासी गणेश सिंह चौहान से कानपुर रेलवे स्टेशन पर मुलाकात हुई थी। मनीष ने बताया कि वह मुंबई काम की तलाश में निकला था। उसकी अचानक गणेश से मुलाकात हुई। उसने मुंबई में काम दिलाने की बात कही। बाद में कहा कि चलो गांव से कुछ सामान ले लेते हैं। दोनों शनिवार रात कानपुर से खागा स्टेशन उतरे। गणेश रास्ते में अचानक उसके साथ मारपीट करने लगा। उसका सामान, नकदी, मोबाइल,
कपड़े उतरा लिए। उसे कुएं में फेंक दिया। वह रात भर कुएं में पड़ा रहा। सुबह होने पर चीख पुकार मचाई लेकिन किसी ने अवाज नहीं सुनी। आरोपी गणेश फिर शाम को कुएं के पास पहुंचा। उसने कुएं से बाहर निकालने की बात कही। आरोप है कि वह पथराव करने लगा। पत्थर लगने से सिर फट गया। पत्थर चलाते चरवाहों ने देख लिया। चरवाहों के कुएं की तरफ आते देखकर आरोपी भाग निकला। ग्रामीणों ने 100 नंबर में सूचना दी। पुलिस ने उसे किसी तरह से बाहर निकाला। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाल वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि घायल को अस्पताल भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
------------------------