अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। फैक्ट्री से घर जा रहे बाइक सवार ठेकेदार को शुक्रवार की रात बदमाशों ने पीटकर लूट लिया। लहूलुहान ठेेकेदार ने थाने पहुंच कर वारदात की सूचना दी। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया है।
कौशांबी जिले के संतोष सिंह कई साल से चौडगरा इलाके की एक फैक्ट्री में ठेकेदारी करते हैं। उन्होंने अपना मकान भी औंग थाने के शुक्ला नगर में बनवा रखा है। वह रात को फैक्ट्री से घर जा रहे थे। शुक्ला नगर मोड़ के पास ठेकेदार पर चार लोगों ने हमला कर दिया।
लाठी-डंडे से पीटकर उसकी घड़ी, 1500 रुपये और मोबाइल लूटकर बदमाश भाग निकले। लहूलुहान ठेकेदार किसी तरह घर पहुंचा। उसने 100 नंबर पर सूचना दी। पुलिस ने तहरीर ले ली है। एसओ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
ठेकेदार को पीटकर बदमाशों ने लूटा
गांव के मोड़ पर वारदात को अंजाम देकर भागे