फतेहपुर। शराब की लत जहां लती व्यक्ति के शरीर को खोखला कर रही, वहीं उसके सोचने-समझने की शक्ति भी छीन रही। दूसरी ओर शराब के लती शख्स का परिवार भी बर्बाद हो रहा है। रविवार रात मौरंग कारोबारी की हत्या में यही लत वारदात की वजह बन गई। कारोबारी की हत्या से जहां उसका परिवार मर्माहत व खुद को असहाय महसूस कर रहा। वहीं आरोपी जेल जाने को है और उसका परिवार नामजद होने के नाते पुलिस की डर से भागा-भागा फिर रहा है।
चांदपुर के मजरे गोदहा निवासी महावीर के पास ज्यादा खेेती नहीं हैं। बड़े बेटे मनोज ने परिवार में अपना दायित्व संभाल रखा था। वह खेती के साथ अतिरिक्त आय के लिए मौरंग की सप्लाई का काम कमीशन पर करता था। परिवार में मनोज की पत्नी कल्पना, बड़ी बेटी पूजा (15), बेटा अभिषेक (12) और अखिलेश (9) हैं। अच्छा खासा परिवार चल रहा था। परिवार को मनोज के शराब की लत से नाराजगी थी लेकिन परिवार का माहौल हंसी-खुशी वाला था। पर, शराब की लत ने मौरंग सप्लाई करने वाले मनोज वर्मा के परिवार को अजीब दोराहे पर लाकर खड़ा कर दिया है। अमौली प्रतिनिधि के मुताबिक कल्पना की मानें तो वह पति को मोहित के साथ ज्यादा रहने पर टोकती थी लेकिन वह कारोबार का हवाला देकर शांत करा देते थे। शराब पीने व मीट खाने के लिए अक्सर मोहित के घर वह जाया करते थे। उसे कम उम्र यानी 28 साल के मोहित से पति की दोस्ती रास नहीं आती थी। उन्हें नहीं पता था कि शराब की यही लत एक दिन पति की हत्या का कारण बन जाएगी। मनोज के भाई अजय पाल वर्मा का कहना है कि उन्हें नहीं लगता कि नशे में धुत मोहित ने अकेले उनके भाई मनोज को मार डाला होगा। मनोज को मोहित, उसके पिता जयचंद्र सिंह व उनके दो अन्य बेटों ने मिलकर मार डाला है। पुलिस को पूरी जांच निष्पक्षता से करनी चाहिए।
फतेहपुर। थानाध्यक्ष कैलाश नाथ ने बताया कि हत्यारोपी अपराधी किस्म का है। पुलिस रिकार्ड में इसकी अपराधिक छवि जाहिर है। यह एक बार तमंचा लेकर 100 नंबर पुलिस को दौड़ा चुका है। इसके अलावा अनुसूचित जाति एक्ट तथा बाइक चोरी के आरोप में जेल भी जा चुका है। इतना नहीं नहीं शराब के नशे में होने पर गांव में कोई भी व्यक्ति इसके सामने पड़ने से कतराता है। घर में भी पिता और भाइयों से शराब पीकर गाली गलौच के साथ मारपीट करता रहा है।
फतेहपुर। मौरंग व्यवसाय से जुड़े मनोज की मौत सिर में भारी चीज के घाव से हुई। हालांकि शरीर पर कई जगह धारदार घाव भी मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में माना गया कि किसी भारी चीज से सिर पर हुआ वार ही मौत की वजह है।