बहुआ (फतेहपुर)। घर में सो रहे किसान की मंगलवार की रात बिजली के तार से गला घोटकर हत्या कर दी गई। सुबह पड़ोसी के कमरे में पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। टीम ने फिंगर प्रिंट जुटाए हैं। देर रात पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आई है। सीओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है। उन्होंने नशेबाजी के चलते घटना की आशंका जताई है।
ब्लाक के ललौली थाना क्षेत्र के खुर्मानगर निवासी दिवंगत रामनारायण तिवारी का बेटा मनोज तिवारी (42) अविवाहित था। मनोज के साथ उसकी वृद्ध बुआ गुर्गी देवी भी रहती है। दो भाई बलराम उर्फ बड़कू और छोटकू बांदा के अतर्रा रोड कुशवाहा नगर में कई साल से रहते हें। मनोज खेतीबाड़ी करता था। मंगलवार की रात बुआ घर में पीछे के कमरे में सोयी थी। बाहर के कमरे में अजीत सोया था। सुबह करीब पांच बजे दरवाजा खुला होने पर
पड़ोसी अजीत कमरे में पहुंचा। मनोज का शव औंधे मुंह पड़ा था। शव के पास बिजली का तार और शराब की बोतल पड़ी थी। अजीत ने बांदा में रहने वाले भाइयों को घटना की सूचना दी। उधर, 100 नंबर की सूचना पर सीओ श्रीपाल यादव और एसओ राजेश मौर्या पहुंचे। गांव पहुंचे बड़कू ने बताया कि बड़ा भाई मनोज शराब का लती था। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि दो व्यक्ति दो दिन से घर में रुके थे। उन्हें पहले कभी गांव में नहीं देखा गया था। मनोज ने उन्हें दूर के रिश्तेदार बताया था। सीओ श्रीपाल यादव ने बताया कि हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
घर में किसान की गला घोटकर हत्या
ललौली थाना क्षेत्र के खुर्मानगर में हुई घटना
हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो