असोथर (फतेहपुर)। महिला को कागज की गड्डी थमाकर टप्पेबाज उसके 25 हजार रुपये लेकर भाग निकले। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले हैं। आरोपियों के चेहरे कैद हुए हैं।
असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी में खौहुजी का पुरवा निवासी रामखेलावन सपरिवार मुंबई में रहते हैं। रामखेलावन की पत्नी रेखा देवी ने शुक्रवार की दोपहर बैंक से 25 हजार रुपये निकाले। बाहर निकलते वक्त बैंक के गेट पर दो युवकों ने रेखा देवी से पेन मांगा, कहा कि दो मिनट रुक जाइए हमें दो लाख रुपये जमा करने हैं। बाद में पर्ची लिखने की जगह न मिलने का बहाना कर वह महिला समेत बैंक के बाहर चबूतरे पर आ गए। पर्ची भरकर एक
युवक भीतर गया, लेकिन कुछ ही देर में लौट आया और साथी से बोला कि इतनी रकम एक साथ जमा नहीं होगी। केवल 25 हजार रुपये ही जमा होंगे। तभी दूसरे युवक ने कहा कि चाची आप भी तो 25 हजार रुपये निकाली हो, यह दो लाख की गड्डी हमारी अपने पास रखकर 25 हजार जमा करने के लिए दे दो। अभी लौटकर रुपये दे देंगे। एक युवक महिला से रकम लेकर भीतर गया और फिर चुपके से निकल गया। इसके बाद दूसरा युवक भी नजर बचाकर चला गया। महिला को कुछ देर बाद शक हुआ। उसने झोले में रखी गड्डी देखी तो उसके होश उड़ गए। गड्डी में केवल ऊपर ही पांच सौ रुपये का नोट लगा था बाकी रुपये की जगह उसी तरह के कागज थे। महिला दहाड़े मारकर रोने लगी। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने बैंक का सीसीटीवी फुटेज चेक किया। फुटेज में आरोपियों को महिला के आसपास देखा गया। महिला ने उनकी पहचान की। एसओ कमलेश पाल ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। फुटेज में आए संदिग्धों की धरपकड़ चालू की गई है।