अमर उजाला ब्यूरो
अल्लीपुर (फतेहपुर)। मार्ग दुर्घटनाओं में सोमवार को दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। मलवां सौंरा में बाइकों की भिड़ंत में किसान की मौत हो गई, जबकि उनके साढ़ू गंभीर घायल हैं। सदर के सुल्तान नगर के पास हाईवे पर ट्रक की टक्कर से एक ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इसमें चार मजदूर दबकर घायल हो गए। एक मजदूर की देर रात हैलट कानपुर में मौत हो गई।
मलवां थाना क्षेत्र के चक्की गांव निवासी रामबली के बेटे राम खेलावन(45) रविवार को अपने बड़े साढू धनराज(50) के यहां थरियांव थाने के मुसैदापुर गांव गए थे। सोमवार को दोनों साढू बाइक से शहर आए। यहां पर जरूरी काम कराने के बाद बाइक सवार चक्की गांव लौट रहे थे। दोपहर लगभग तीन बजे सौंरा में नेशनल हाईवे पर बैंक शाखा के पास ओवरटेक के चक्कर में पीछे से दूसरी बाइक ने टक्कर मार दिया। टक्कर लगते ही बाइक सवार
दोनों साढू गिर पड़े। हेलमेट न लगाए होने के कारण बाइक चला रहे बड़े साढू धनराज की मौके पर ही मौत हो गई। छोटा साढू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची मलवां पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। धनराज को डाक्टरों ने मृत घोषित कर शव मर्च्युरी में रखवा दिया। उधर, घायल छोटे साढू की हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल से कानपुर ले जाने को कहा गया है, लेकिन अभी तक परिजनों के न पहुंचने
के कारण घायल का अस्पताल में ही इलाज हो रहा है। थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह थरियांव थाना क्षेत्र के बिलंदा निवासी रामसजीवन का बेटा रामशरन (35), राम प्रसाद का बेटा राजेंद्र (28), रामचंद्र का बेटा दिनेश
(28) व रामपाल का बेटा अमर सिंह (45) मजदूरी हैं। रविवार की सुबह चारों शहर में मजदूरी करने आए थे। रात लगभग 11 बजे ज्वालागंज से ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठकर गांव लौट रहे थे। सुल्तान नगर पहुंची तो कानपुर की तरफ से आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दिया, जिससे ट्राली पलट गई। टक्कर मारने से बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। कोतवाली पुलिस ने किसी तरह से ट्राली में दबे मजदूरों को बाहर निकलवाया। घायल राजेंद्र और रामशरन की हालत गंभीर होने के कारण डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। देर रात हैलट में राजेंद्र की मौत हो गई।
खागा के कैनाल रोड निवासी टेंपो चालक राजकुमार सोमवार सुबह बस अड्डे पर सवारी के लिए वाहन लेकर खड़े थे। पास ही हरदो निवासी नंदलाल भी खड़े थे। दोनों बात कर रहे थे तभी खागा चौक की ओर से एक ट्रक तेजी से बस स्टैंड की ओर आ पहुंचा। टेंपो को टक्कर मारते हुए उसे कुछ दूर तक खींच ले गया। लोगों ने शोर मचाया तब ट्रक ड्राइवर की नींद टूटी और उसने ब्रेक लगा। हादसे में राजकुमार और नंदलाल घायल हो गए। लोगों ने पुलिस को बुलाया तो दोनों को अस्पताल ले जाया गया। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के बैरी गांव निवासी शारदा (22) और कमलेश(18) बाइक से सोमवार शाम खागा आ रहे थे। जैसे ही वह एलई-दामपुर मार्ग के पौली गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे चार पहिया सवारी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। दोनो को नजदीक के निजी अस्पताल ले जाया गया है है। पुलिस को इनके पास हेलमेट नहीं मिला।
फोटो एवं परिचय:-
16-जिला अस्पताल में घायल रिस्तेदार को देखने पहुंचे मृतक के परिजन
17-जिला अस्पताल में भर्ती घायल रामखेलावन
सड़क हादसों में दो की मौत, सात घायल
सुल्तान नगर के पास हाईवे पर रविवार की रात ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली पलटी
मलवां सौंरा में बाइकों की हुई भिड़ंत, गंभीर रूप से घायल दो को कानपुर भेजा गया