किशनपुर(फतेहपुर)। पुरानी खुन्नस में रविवार रात एक टावर गार्ड को गोली मारी गई। गोली के छर्रे पीठ और पैर के हिस्से में लगे हैं। शोर होने पर ग्रामीणों की घेराबंदी में तमंचे के साथ दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पुलिस मौके पर छानबीन को पहुंची हैं। घायल को परिजन हरदों सीएचसी लेकर पहुंचे हैं।
किशनपुर थाने के गुरुवल गांव निवासी रामरूप का बेटा बुद्घसेन सिंह (26) गांव के मोबाइल टॉवर का गार्ड है। बत्ती गुल होने पर टावर का जनरेटर चलाने पहुंचा था। टावर के अंदर घात पीछे से फायरिंग की गई। फायरिंग और घायल की चीख सुनकर पास में रहने वाले परिवार के लोग दौड़कर पहुंचे। दो लोग भागते दिखे। एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की। उसके पास से तमंचा बरामद होने की बात कही जा रही है। घायल को
हरदों सीएचसी से डाक्टरों ने जिला अस्पताल को रेफर किया। डाक्टरों ने पीठ और पैर के हिस्से में घाव होना बताया है। फायरिंग के पीछे गांव में दो गुटों के बीच पुरानी खुन्नस मानी जा रही है। हमलावर दूसरे पक्ष के होना बताए जा रहे हैं। इसी गांव में होली के समय पिछले साल प्रधान और उसके विरोधी पक्ष के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। गोली लगने से घर के बाहर खड़ा एक किशोर घायल हुआ था। एसओ संदीप तिवारी ने बताया कि घटनास्थल की छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
---------------