खागा। कस्बे में चोरी, लूट की वारदातों पर लगाम लगाने में पुलिस महकमा फेल साबित हुआ है। दो दिन के अंदर विजयनगर मोहल्ले में तीन घरों में, चौड़ाखेर में चोरी की वारदात हो चुकी है। बढ़ती वारदातों पर स्थानीय लोगों में पुलिस व प्रशासन के खिलाफ रोष है।
27 जनवरी की रात कस्बे में ताबड़तोड़ चार लूट की वारदातों से हड़कंप मचा हुआ है। इसमें सुल्तानपुर घोष निवासी सीबू खान, कटखेरवा निवासी मुन्ना मौर्य से कटखेरवा मोड़ पर लूट हुई। इसी तरह से किशनपुर के शिलमी निवासी जुबैर उल्ला अपने भाई अहमद उल्ला जो कानपुर से सिपाही भर्ती परीक्षा देकर खागा में था, उसे रात में
रिसीव करने आ रहा था। उसके पीछे बाइक सवार छह लोग लग गए। जैसे ही वह आरओबी के पास पहुंचा, तो बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने उसका 5800 रुपया और पर्स लूट लिया। पर्स में एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सऊदी अरब का था। जुबैर पहले सऊदी अरब में गाड़ी चलाता था।वर्तमान में वह गांव में किराने का काम
कर रहा है। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है। इसी तरह से इसी रात को सुजानीपुर मोड़ के पास एक युवक के साथ लूट की गई थी। इंस्पेक्टर खागा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि 27 जनवरी की रात खागा, सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में एक ही तरह से घटनाएं हुई है। इससे पूर्व 11 जनवरी को अकिलपुर गांव निवासी संतोष मौर्या छीमीपुरइन से सराफा की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी खागा में अरबगंज के समीप बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया था। इलाकाई पुलिस और क्षेत्रीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। कोतवाल ने बताया कि सभी मामलों की छानबीन की जा रही है। जल्द ही सभी घटनाओं का खुलासा कर आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
चोरी, लूट की बढ़ती वारदातों से लोगों की नींद उड़ी
अमर उजाला ब्यूरो