मौत के बाद सामने आई पत्नी व बच्चे
फतेहपुर। थाना क्षेत्र के बजरंगापुर गांव के पास शनिवार रात बस की टक्कर से मरे अविवाहित जगरूप सिंह यादव (42) की पत्नी को देखकर परिजन थाने में भड़क उठे।
दोनों पक्षों के बीच एफआईआर दर्ज कराने को लेकर नोकझाेंक शुरू हो गई। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत किया। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।
कानपुर देहात के रूरा थाने के निजावतपुर गांव निवासी जगरूप यादव शनिवार रात किसी निमंत्रण समारोह में आए थे। यह किसी मित्र से मिलने हुसैनगंज थाना क्षेत्र गए थे।
हथगाम की ओर से आई प्राइवेट बस से बजरंगापुर मोड़ के पास इनकी बाइक से सीधी भिड़ंत में मौत हो गई थी। घटना की सूचना पर रूरा कस्बे से संगीता यादव अपनी बेटी काजल व बेटे रौनक के साथ थाने पहुंचीं। यहां जगरूप के भाई जयपाल, हरपाल, रामदत्त व दीवान सिंह यादव मौजूद थे। यह पंचनामा और एफआईआर की कार्रवाई कर रहे थे।
संगीता ने पुलिस से तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कहा। इसको लेकर इनके बीच नोकझाेंक शुरू हो गई। भाई जयपाल ने बताया कि उसके भाई अविवाहित रहे हैं। उधर, संगीता यादव ने दावा किया जगरूप ने 17 साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। उससे ही बेटी काजल और बेटा रौनक है। एसएचओ आरके पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद रहा है। भाइयों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
- परिजनों व कथित पत्नी के बीच नोकझाेंक