अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। पंजाब नेशनल बैंक में रुपये जमा करने आई महिला से गुरुवार को 70 हजार रुपये की टप्पेबाजी हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया जा रहा है। हालांकि रात तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
कस्बे के नई बाजार मोहल्ला निवासी संतोष सोनकर की पत्नी लालती देवी रुपया जमा करने आई थीं। क्लर्क ने जमा फार्म भरने के साथ पैन कार्ड नंबर जरूरी बताया। लालती देवी ने बताया कि वह काउंटर से बाहर आई तो उसे दो युवक दिखे। एक ने मदद करते हुए फार्म भर दिया।
इसके बाद कहा कि पैन कार्ड तो जरूरी है। कोई अप्रिय घटना न हो, इसलिए हम भी साथ चलते हैं। हमें भी एक लाख रुपये जमा करना है। आप महिला हो रुपये जल्दी जमा हो जाएंगे, हमें भी लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। सभी रिक्शे से घर के करीब एपीएस स्कूल तक पहुंचे। एक युवक ने उसके 70 हजार रुपये लेकर अपने रुपये थमा दिए और कहा कि हम यही बैठे हैं, जल्दी पैनकार्ड लेकर आओ।
बकौल लालती वह झांसे में आ गई। वह पैनकार्ड लेकर लौटी तो दोनों लापता थे। बाद में पता चला कि उनके एक लाख रुपये नकली थे। सीओ सुरेंद्र सिंह ने बताया महिला की गलती से टप्पेबाजी हो गई। बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
महिला से 70 हजार की टप्पेबाजी
पीएनबी में आई थी पैसा जमा करने
नकली नोट थमा असली लेकर फरार