फतेहपुर। बीमार पत्नी को अस्पताल में लेकर रुके सीआरपीएफ जवान के घर गुरुवार की रात चोरों ने हाथ साफ किया। उन्होंने पड़ोसी के घर का ताला भी तोड़ा, लेकिन अंदर ग्रिल होने पर वह प्रवेश नहीं कर सके। सुबह चोरी की जानकारी होने पर भुक्तभोगी ने तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के विष्णुपुरी कालोनी, राधानगर निवासी गोरेलाल पासवान सीआरपीएफ में सिपाही हैं। कुछ समय पहले वह छत्तीसगढ़ में तैनात थे और हालही में उनका तबादला श्रीनगर में हुआ है। वह दो दिन पहले ही श्रीनगर पहुंचे थे। उन्हें परिजनों ने बताया कि पत्नी की तबीयत ठीक नहीं है। गोरेलाल अवकाश लेकर गुरुवार को घर पहुंचे और पत्नी को शहर के एक नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया। अन्य परिवारीजन भी यहीं रुके हुए थे। जबकि घर में ताला बंद था।
रात में चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। चोरों ने अलमारी व बक्से का ताला तोड़कर करीब 40 हजार नकद व साढ़े चार लाख रुपए कीमत के जेवर चोरी कर लिए। इसके बाद पड़ोसी के घर का ताला तोड़ा, लेकिन अंदर लोहे की ग्रिल होने पर वह घुस नहीं कर सके और भाग निकले। सुबह जब लोगों ने ताला टूटा देखा तो चोरी की जानकारी गोरेलाल को दी तो वह घर पहुंचे। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।