फतेहपुर। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर महिला को पति ने तीन तलाक दे दिया। महिला ने उसे व उसके परिजनों को बंधक बनाकर पीटने का आरोप भी ससुराल वालों पर लगाया है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बरेठी गांव निवासी अयूब खान की बेटी फलक नाज का निकाह 20 नवंबर 2016 को गांव के ही सलमान खान से हुआ था। फलक नाज ने बताया कि निकाह के कुछ समय ससुराल वालों ने साढ़े तीन लाख रुपये मांगे, जो उसके पिता ने दे दिए। इसके बाद ससुरालवाले कार मांगने लगे। एक अप्रैल को जेठ इलियास ने उसके पिता अयूब खान को अपने घर बुलाया। अयूब उसे लेकर दो अप्रैल को ससुराल पहुंचे, तो पति सलमान, जेठ इलियास और 10-12 अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे से उसे और पिता को घेर कर पीटा। उन लोगों को बंधक बना लिया। इसके बाद एक सादे कागज में हस्ताक्षर करा लिए। इसी दौरान पति ने उसे तीन बार तलाक बोल दिया।
कोतवाली प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में सलमान, उसके पिता मकबूल खान, मां नजमा खातून, बड़े भाई इलियास खान, समेत छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।