फतेहपुर। जहानाबाद क्षेत्र में पति की पिटाई से क्षुब्ध होकर गुुरुवार रात पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। जिसके बाद पति गांव किनारे पीपल के पेड़ पर फांसी के फंदे से झूल गया। घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के कापिल के मजरे पंथू सिंह का पुरवा राजेंद्र निषाद (45) की पत्नी सीमा (42) अपने पुत्र आशीष (13) के साथ बुधवार को कानपुर घाटमपुर स्थित कुष्मांडा देवी मंदिर दर्शन को गई थी। जिसके बाद मायके हमीरपुर जिले के कोरारा थाना क्षेत्र के शेखूपुर निवासी पिता सुखराम के घर चली गई। वह गुरुवार शाम मायके से घर लौटी। राजेंद्र ने पत्नी से बगैर बताए मायके जाने के बारे में पूछताछ की। बेटे आशीष ने बताया कि पिता और मां के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। पिता ने मां को मारापीटा। जिसके बाद पिता घर से बाहर चले गए। करीब रात नौ बजे मां सीमा ने कमरे में छत के कुंडे पर साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। राजेंद्र कुछ देर बाद घर लौटा तो पत्नी को फंदे पर लटकता देखकर उसके होश उड़ गए। फंदे से शव को नीचे उतारा। राजेंद्र ने बच्चों को शांत किया और छत पर सोने के लिए कहा।
उसके बाद रात को घर से चला गया। गांव के किनारे पीपल के पेड़ पर सुबह ग्रामीणों ने राजेंद्र का शव रस्सी के फंदे से लटकता पाया। पत्नी की मौत के बाद पति के जान देने की खबर पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीणों की भीड़ लग गई। 112 नंबर की सूचना पर पुलिस पहुंची। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। जिसके बाद दोनों आत्महत्या की है। मृतक के भाई प्यारेलाल की तहरीर पर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।