अल्लीपुर। एक जून की रात अपहृत किशोर की बेरहमी से हत्या कर लाश कुएं में फेंक दी गई। शुक्रवार की सुबह पुलिस जांच करते हुए कुएं तक पहुंची तो लाश बरामद हो गई। हत्यारों ने किशोर की कमर में ईंट बांधकर उसे कुएं में फेंक था।
शव मिलने की खबर पर मौके भीड़ जमा हो गई। पुलिस छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वीडियोग्राफी में डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। एसपी ने खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया है और जल्द खुलासे का दावा किया है।
मलवां थाना क्षेत्र के शिवपुर (आदमपुर) गांव निवासी सुनील बाबू का 13 वर्षीय पुत्र शिवकांत एक जून की रात आठ बजे घर से निकला था और गायब हो गया था। पिता ने दो जून को इसकी सूचना पुलिस को दी।
दो जून की शाम को पिता के पास फोन आया और उससे कहा गया कि वह 20 लाख रुपये का इंतजाम करे, वरना बेटे की हत्या कर दी जाएगी। फिरौती मांगने की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी घटना की जांच में जुट गए। शुक्रवार की सुबह मलवां पुलिस शिवपुर गांव पहुंची और सुनील बाबू के घर से पीछे पश्चिम दिशा में 300 मीटर दूर स्थित कुएं पर पहुंची।
पुलिस जब कुएं पर पहुंची तो यहां पर भीड़ जमा होने लगी। पता चला कि शिवकांत का शव कुएं में पड़ा है। फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, सीओ सिटी के साथ कोतवाली, कल्यानपुर थाने की फोर्स मौके पर पहुंची।
सूखे कुएं से शव को बाहर निकाला गया तो पता चला कि शिवकांत के कमर में रस्सी के सहारे ईंट बंधी हुई हैं। स्पष्ट हुआ कि उसकी हत्या कर शव को कुएं में डाला गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने आदमपुर गंगा घाट किनारे शिवकांत का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि पुलिस घटना के खुलासे के करीब है। कई लोगों से पूछताछ जारी है।