बहुआ। 50 हजार रुपये व एक बाइक न मिलने पर ससुरालियों ने विवाहिता को जलाकर मार डाला। मृतका के पिता ने पति समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ललौली कस्बे के रहमत बाबा मोहल्ला में रहने वाले मेहंदी हसन की पत्नी किशवरी (25) रविवार की रात संदिग्ध हालात में आग की चपेट में आकर झुलस गई। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में किशवरी की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने उसे मृत बताया। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की दो बेटियां सुकरा (3) व जैनब (10 माह) हैं।
सूचना पर ललौली कस्बे के सातआना मोहल्ला निवासी मृतका के पिता रसीद खान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराली दहेज में 50 हजार रुपये व बुलेट गाड़ी मांग रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने बेटी को जलाकर मार डाला है।
बेटी की शादी चार नवंबर 2016 को की थी। ललौली पुलिस ने मृतका के पति मेहंदी हसन, ननद हुस्नबानो व परवीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और महिला के शव को पीएम के लिए भेजा है। वहीं, इंस्पेक्टर ललौली ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।